यूकेडी के दो बड़े नेताओं की गिरफ्तारी, समर्थको ने बताया साजिश, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

देहरादून: उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के दो प्रमुख नेताओं, आशीष नेगी और आशुतोष नेगी, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया है। पार्टी इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है और सरकार व प्रशासन पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगा रही है।

क्या है मामला?

सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में दोनों नेताओं के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे। इनमें से एक मामला 26 फरवरी को दर्ज हुआ था, जिसमें एक होटल व्यवसायी के साथ विवाद और कथित तौर पर जूता उठाने की घटना शामिल थी। पुलिस ने रायपुर थाना क्षेत्र से आशीष नेगी को हिरासत में लिया, जबकि आशुतोष नेगी के खिलाफ राजपुर थाने में भी मामला दर्ज होने की सूचना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस उनसे आगे की पूछताछ कर सकती है।

समर्थकों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

यूकेडी की नेत्री कुसुम लता बौड़ाई ने इस गिरफ्तारी को पुलिसिया दमन करार दिया। उन्होंने कहा,
“अभी तक पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी कि आशीष और आशुतोष भाईजी को कहां ले जाया गया है। डोईलावा व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत कई अन्य लोगों ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है। हमें जानने का अधिकार है कि हमारे अध्यक्ष को कहां ले जाया गया है। यह सीधे-सीधे पुलिस द्वारा अपहरण है। यदि शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलती, तो पहाड़ी समाज गरजेगा देहरादून में। यह चेतावनी है। बहुत सह लिया, अब और नहीं होगा।”

सरकार और प्रशासन पर उठे सवाल

यूकेडी समर्थकों का आरोप है कि सरकार और प्रशासन पार्टी को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। उनका कहना है कि उत्तराखंड के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गिरफ्तार नेताओं की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई, तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पुलिस की चुप्पी, बढ़ सकता है तनाव

फिलहाल, पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इससे यूकेडी कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ रहा है। आने वाले समय में देहरादून और अन्य इलाकों में विरोध प्रदर्शन तेज हो सकते हैं।

इस खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए ‘पहाड़पन’ के साथ बने रहें।

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

 अब पहाड़पन पर आप अपने व्यवसाय का भी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!