मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में ₹126.69 करोड़ की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

लालकुआं (नैनीताल), शनिवार — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लालकुआं में आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल जनपद की ₹126.69 करोड़ लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹25.93 करोड़ की 9 योजनाओं का लोकार्पण और ₹100.76 करोड़ की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

 

ये परियोजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, सीवरेज, नगर विकास, गौवंश संरक्षण और सौंदर्यीकरण से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मज़बूत होगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न केवल आर्थिक और भौतिक विकास पर, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद के विरुद्ध कड़े कानूनों और समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे कदमों को इस दिशा में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, गौवंश संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनाई गई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का भी उल्लेख किया।

 

मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले में प्रस्तावित और क्रियान्वित की जा रही प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें मानसिक चिकित्सालय, कैंसर संस्थान, ओपन जिम, रिंग रोड, मल्टी-स्टोरी पार्किंग, इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी और जल परियोजनाएं प्रमुख हैं। हल्द्वानी को क्लीन एंड ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए भी कार्य जारी हैं।

इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, विधायकगण बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज बिष्ट, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री कार्यालय के आयुक्त दीपक रावत और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

 

सरकार की मंशा है कि उत्तराखंड को विकास, पारदर्शिता और सांस्कृतिक मूल्यों का आदर्श राज्य बनाया जाए — मुख्यमंत्री

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!