देहरादून।
उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच एक बड़ा संकेत सामने आया है। महेंद्र भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है, जिससे उनके दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने की राह साफ मानी जा रही है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा में महेंद्र भट्ट के नाम पर शीर्ष नेतृत्व की मुहर लग चुकी है और अब केवल औपचारिक ऐलान शेष है, जो कल (1 जुलाई) को हो सकता है। उनके सामने किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनकी ताजपोशी तय मानी जा रही है।
महेंद्र भट्ट को भाजपा में एक अनुभवी संगठनकर्ता के रूप में देखा जाता है, और वह पहले भी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि, वे कई बार अपने विवादित बयानों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं, जिन पर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
इसके बावजूद भाजपा के अंदरूनी समीकरणों और हाईकमान के विश्वास को देखते हुए भट्ट को फिर से जिम्मेदारी सौंपे जाने की तैयारी अंतिम दौर में है। समर्थकों के बीच उनके दोबारा अध्यक्ष बनने को लेकर उत्साह है, जबकि पार्टी नेतृत्व उन्हें संगठन और सरकार के बीच सेतु के रूप में आगे भी उपयोग करना चाहता है।
अब सभी की निगाहें कल की संभावित घोषणा पर टिकी हैं, जहां भाजपा आधिकारिक तौर पर अपने अगले प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित कर सकती है।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply