भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, 1 जुलाई को चुनाव की संभावनाएं तेज,महेंद्र भट्ट रेस में आगे, कई नए नाम भी चर्चा में

देहरादून, 28 जून।

उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पार्टी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, 1 जुलाई को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जा सकता है। इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, प्रदेश चुनाव अधिकारी खजानदास ने जानकारी दी कि 29 जून को चुनाव अधिसूचना जारी होने की संभावना है। इसी दिन मतदाता सूची पार्टी कार्यालय में सार्वजनिक की जाएगी। 30 जून को नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होगी और यदि आवश्यकता हुई तो 1 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।

 

महेंद्र भट्ट दोबारा अध्यक्ष बन सकते हैं?

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की दूसरी पारी को लेकर पार्टी के भीतर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। उनकी संगठनात्मक दक्षता, हालिया चुनावों में सफलता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बेहतर सामंजस्य को उनकी मजबूत दावेदारी का आधार माना जा रहा है।

 

अन्य संभावित नाम

हालांकि, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व कई बार अप्रत्याशित और रणनीतिक फैसले लेने के लिए जाना जाता है। ऐसे में अन्य नामों पर भी गंभीर मंथन चल रहा है। इनमें प्रमुख हैं:

 

आदित्य कोठारी – प्रदेश महामंत्री

 

ज्योति प्रसाद गैरोला – दर्जाधारी नेता

 

विनोद चमोली – वरिष्ठ विधायक

 

बृजभूषण गैरोला – विधायक

 

 

महिला नेतृत्व की संभावना भी प्रबल

यदि भाजपा महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देती है, तो दो नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं:

 

आशा नौटियाल – केदारनाथ विधायक

 

दीप्ति रावत भारद्वाज – भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री

 

 

भाजपा नेतृत्व द्वारा जल्द इस पर अंतिम मुहर लगाने की संभावना है। इससे पहले सभी वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों की राय को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!