उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: भाजपा और कांग्रेस के विरुद्ध जनाक्रोश, 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बनेगा यह चुनाव – आप युवा मोर्चा अध्यक्ष

देहरादून, 24 जून 2025:

उत्तराखंड में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (युवा मोर्चा) के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 2025 का पंचायत चुनाव केवल स्थानीय निकायों का नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल साबित होगा।

 

प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, उत्तराखंड की जनता ने पिछले सात दशकों में भाजपा और कांग्रेस को बार-बार सत्ता सौंपी, लेकिन राज्य को बदले में कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों से निरंतर पलायन, युवाओं का रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाना, और मूलनिवासियों की उपेक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर अब तक कोई ठोस नीति नहीं बनी है।

 

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर जब जनता ने भाजपा को मौका दिया, तो उसे भी केवल छलावा मिला। 2021 में चार महीने के भीतर तीन मुख्यमंत्रियों का बदला जाना इस अस्थिरता का प्रमाण है।”

 

उन्होंने दावा किया कि आज उत्तराखंड की जनता एक विश्वसनीय और व्यवहारिक तीसरे विकल्प की तलाश में है, और आम आदमी पार्टी उस विकल्प के रूप में सामने आ रही है। पार्टी की प्राथमिकताओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्थानीय रोजगार और रिवर्स पलायन जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।

 

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि अब जनता का विश्वास आम आदमी पार्टी की ओर बढ़ रहा है और लाखों लोग पार्टी से जुड़कर राज्य में माफिया व जंगलराज के अंत और एक नए भविष्य के निर्माण का संकल्प ले चुके हैं।

 

उन्होंने कहा, “2025 का पंचायत चुनाव अब केवल ग्राम स्तर की राजनीति नहीं रह गया है, यह एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। जनता अब झाड़ू का बटन दबाकर भाजपा और कांग्रेस को साफ करने का मन बना चुकी है।”

 

आम आदमी पार्टी का मानना है कि उत्तराखंड में जनता अब बदलाव के मूड में है, और 2025 का पंचायत चुनाव इस परिवर्तन की निर्णायक शुरुआत साबित होगा।

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!