देहरादून।
उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने लेटर बम फोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और नकल माफिया हाकम सिंह के रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उमेश कुमार ने दावा किया है कि साल 2018 में तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र रावत की सरकार के दौरान हाकम सिंह की मां के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर भेजा गया था। उन्होंने पूछा कि जब पहाड़ की आम जनता एम्बुलेंस और इलाज के लिए तरसती है, तो एक साधारण महिला के लिए हेलीकॉप्टर भेजने की आवश्यकता क्यों पड़ी?
विधायक ने सवाल दागा कि क्या यह सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग नहीं है? क्या हेलीकॉप्टर केवल सत्ता से जुड़े लोगों और माफियाओं की सेवा के लिए है? उन्होंने कहा कि इस मामले से साफ झलकता है कि हाकम सिंह और त्रिवेंद्र रावत के बीच कोई गहरे राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्ते रहे हैं।
उमेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि UKSSSC पेपर लीक घोटाले का मुख्य आरोपी हाकम सिंह सत्ता की छतरी में ही पनपा और ताकतवर बना। अगर उसे संरक्षण न मिला होता, तो वह इस स्तर तक कभी नहीं पहुंच पाता।
पत्र सार्वजनिक होते ही प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। जनता के बीच भी यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर उत्तराखंड के संसाधन आम जनता के लिए हैं या फिर माफियाओं और सत्ता से जुड़े लोगों की सेवा के लिए?
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply