रिपोर्ट: Pahadpan ब्यूरो
राजा रघुवंशी की हत्या एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और उसके तीन साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। हत्या को अंजाम देने के लिए सोनम ने शादी से पहले ही योजना बना ली थी। शादी महज एक औपचारिकता थी, असल उद्देश्य था राजा की हत्या।
हत्या से पहले की घटनाएं और योजना
सोनम और राज कुशवाहा चार से पांच महीने से प्रेम संबंध में थे। सोनम ने अपने प्रेमी से कहा था कि वह अपने पिता की बीमारी के कारण लव मैरिज नहीं कर सकती। उसने भरोसा दिलाया कि वह अरेंज मैरिज के बाद अपने पति की हत्या कर देगी और विधवा बनकर राज से विवाह करेगी।
11 फरवरी को सोनम और राजा का रोका हुआ और 11 मई को शादी। इसके कुछ ही दिन बाद 16 मई को हत्या की योजना तैयार की गई। राज कुशवाहा ने इंदौर से ही पूरी योजना को अंजाम देने के लिए फोन पर सोनम को निर्देश दिए।
शिलांग यात्रा और हत्या
सोनम ने राजा को अचानक शिलांग जाने के लिए राजी किया, जबकि पहले से कोई योजना नहीं थी। 20 मई को कपल गुवाहाटी पहुंचा और माता कामाख्या के दर्शन किए। सोनम ने शिलांग के टिकट पहले ही बुक कर लिए थे और प्रेमी को जानकारी दी थी।
सुपारी किलर विशाल चौहान, आकाश और आनंद कुर्मी पहले से ही गुवाहाटी में मौजूद थे। उन्होंने वहां से कुल्हाड़ी ऑर्डर की और सोनम के संपर्क में रहे। सोनम ने उन्हें लोकेशन दी और खुद राजा को फोटोशूट के बहाने पहाड़ी क्षेत्र कोरसा लेकर गई।
23 मई को दोपहर 1:30 बजे विशाल ने राजा के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। आकाश दूर से निगरानी कर रहा था और आनंद ने राजा को पकड़ा। जब राजा मदद के लिए सोनम की ओर देख रहा था, तब सोनम ने कहा, “मार दो इसको”, और खुद राजा को खाई में धक्का दे दिया।
डिजिटल सबूत और गिरफ्तारी
हत्या के बाद सोनम ने अपने और राजा के फोन तोड़ दिए और अकेले गुवाहाटी से वाराणसी होते हुए गाजीपुर पहुंच गई, जहां से वह नेपाल भागने की योजना बना रही थी। लेकिन उसी दौरान आरोपी राज कुशवाहा की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद सोनम टूट गई और एक ढाबे पर खुद पुलिस को बुलाकर सरेंडर कर दिया।
शिलांग पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल लोकेशन से सारे सबूत मिले। इसके आधार पर इंदौर, ललितपुर और बीना में छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Pahadpan की अपील
यह मामला न केवल कानून और नैतिकता की दृष्टि से बेहद गंभीर है, बल्कि यह आज के युवाओं को सोचने पर मजबूर करता है कि प्रेम और वासना के अंधे जुनून में इंसान किस हद तक जा सकता है। अगर किसी रिश्ते में सच्चाई नहीं है, तो धोखे से अच्छा है सच्चाई से इनकार किया जाए।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply