शारदा कॉरिडोर परियोजना को मिलेगी रफ्तार,मुख्यमंत्री धामी ने दिए आवश्यक निर्देश

नई दिल्ली।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में शारदा कॉरिडोर परियोजना को लेकर अधिकारियों संग महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के कार्यों में तेजी लाई जाए और भूमि का संयुक्त सर्वेक्षण (ज्वाइंट सर्वे) शीघ्र पूरा किया जाए।

 

मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में कहा कि शारदा कॉरिडोर क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए इसके अध्ययन कर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। इसके साथ ही, उन्होंने शारदा नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने पर जोर दिया, जिसमें घाटों का सौंदर्यीकरण और पर्यटकों व श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

उन्होंने कहा कि शारदा और गंगा कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को सुविधाएं प्रदान करना है। दोनों परियोजनाओं के लिए अलग-अलग डिजाइन पर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शारदा कॉरिडोर के तहत बुनियादी ढांचे, पर्यटन विकास और स्थानीय लोगों की आर्थिकी को सशक्त बनाने से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

 

इस अवसर पर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

पर्वतीय राज्य उत्तराखंड की खबरों के लिए आप सभी का अपना न्यूज़ पोर्टल pahadpan.com,खबरों के लिए संपर्क करें +917409347010,917088829995

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!