देहरादून।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद उर्फ घन्ना भाई का निधन हो गया। वह पिछले चार दिनों से गंभीर हालत में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती थे और वेंटिलेटर पर थे। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के कला, संस्कृति और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
बीमारी के चलते अस्पताल में थे भर्ती
घन्ना भाई को पहले से हृदय संबंधी समस्याएं थीं और पेसमेकर लगाया गया था। हाल ही में उन्हें यूरिन में ब्लड आने की समस्या हुई थी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान उन्हें रक्त चढ़ाया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती गई और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
गढ़वाली सिनेमा और हास्य अभिनय में बड़ा योगदान
घन्ना भाई उत्तराखंड के सबसे लोकप्रिय हास्य कलाकारों में से एक थे। उन्होंने कई गढ़वाली फिल्मों, म्यूजिक एलबम और मंचीय प्रस्तुतियों में अपने अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी कॉमेडी आमजन से जुड़ी होती थी, जिससे उन्होंने हर घर में अपनी खास पहचान बनाई थी।
राजनीति में भी आजमाया था हाथ
सिर्फ कला ही नहीं, बल्कि घन्ना भाई राजनीति में भी सक्रिय थे। उन्होंने 2012 में भाजपा के टिकट पर पौड़ी से विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव नहीं जीत सके, लेकिन उनकी सामाजिक सक्रियता हमेशा बनी रही। 2022 में भी उन्होंने भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी।
शोक की लहर, बद्रीनाथ धाम में हुई प्रार्थना
घन्ना भाई के निधन की खबर से उत्तराखंड में शोक का माहौल है। उनके प्रशंसक, कलाकार और राजनेता सभी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेंद्र दास ने भी उनके उपचार के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए थे।
उत्तराखंड ने एक ऐसा कलाकार खो दिया, जिसने अपनी हास्य कला से हर किसी को हंसाया, लेकिन अब उनकी अनुपस्थिति सबको रुला रही है। भगवान बद्री विशाल उनकी आत्मा को शांति दें।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
अब पहाड़पन पर आप अपने व्यवसाय का भी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।
📞 +917409347010
📞 +917088829995
Leave a Reply