राजधानी में भाजपा की ऐतिहासिक विजय,मुख्यमंत्री पद की रेस तेज, कई नाम चर्चा में

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 48 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल किया। अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए किसी चेहरे की घोषणा नहीं की थी, जिससे अब कई बड़े नेताओं के नाम इस दौड़ में शामिल हो गए हैं।

 

ये नेता हैं रेस में आगे

भाजपा के संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवारों में कई अनुभवी और प्रभावशाली नेता शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से मनोज तिवारी, विजेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र सचदेवा, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, दुष्यंत गौतम, हरीश खुराना, बांसुरी स्वराज और रविंद्र सिंह नेगी के नाम चर्चा में हैं।

 

मनोज तिवारी : पूर्वांचल के बड़े नेता और दो बार सांसद रह चुके हैं। दिल्ली में पूर्वांचलियों का बड़ा वोट बैंक होने के कारण उनके नाम की संभावना प्रबल मानी जा रही है।

 

विजेंद्र गुप्ता : भाजपा के वरिष्ठ नेता और रोहिणी से विधायक हैं। पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

 

वीरेंद्र सचदेवा : दिल्ली भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष हैं और संगठन पर उनकी अच्छी पकड़ है।

 

प्रवेश वर्मा :  पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं और नई दिल्ली सीट से विधायक चुने गए हैं।

 

रमेश बिधूड़ी: गुर्जर समुदाय से आते हैं और भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं।

 

दुष्यंत गौतम: अनुसूचित जाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं और करोल बाग से विधायक बने हैं।

 

हरीश खुराना: पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे हैं और मोती नगर से विधायक हैं।

 

बांसुरी स्वराज: पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं और नई दिल्ली से सांसद हैं।

 

रविंद्र सिंह नेगी: पहाड़ी समुदाय से आते हैं और दिल्ली में उत्तराखंड मूल के लोगों के बड़े नेता माने जाते हैं। उन्होंने लंबे समय तक संगठन में काम किया है और पहाड़ी समाज के बीच उनकी गहरी पकड़ है। नेगी का नाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उत्तराखंड मूल के लोग दिल्ली में बड़ी संख्या में रहते हैं और भाजपा को इस वर्ग का समर्थन मिला है।

 

 

शीर्ष नेतृत्व करेगा अंतिम फैसला

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ही दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का फैसला करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सहमति के बाद ही किसी नाम पर मुहर लगेगी। भाजपा जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाकर औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है।

 

दिल्ली की जनता अब इस बात का इंतजार कर रही है कि भाजपा प्रदेश की कमान किसे सौंपती है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

 

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने पार्टी को बहुत प्यार दिया है और उन्होंने इसके लिए आभार व्यक्त किया। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्वांचल मूल के किसी नेता को प्राथमिकता दे सकती है।

 

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

 

अब पहाड़पन पर आप अपने व्यवसाय का भी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।

📞 +917409347010

📞 +917088829995

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!