बेतालघाट/नैनीताल। बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर दो वाहनों को सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त को ब्लॉक बेतालघाट में मतदान के दौरान ब्लॉक प्रमुख पद के एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी पक्ष के समर्थकों पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की और सशस्त्र विद्रोह के साथ जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह (निवासी छड़ा खैरना, थाना भवाली) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बेतालघाट में मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में विवेचना के दौरान नामजद छह अभियुक्तों — दीपक सिंह रावत उर्फ लटवाल (28), यश भटनागर उर्फ यशु (19), वीरेंद्र आर्य उर्फ विक्की (39), रविंद्र कुमार उर्फ रवि (28), प्रकाश भट्ट (28) और पंकज पपोला (29) — को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से दो वाहन भी जब्त किए।
गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष अनीश अहमद के साथ हेड कांस्टेबल विनोद सिंह, नवीन पांडे, कांस्टेबल दीपक सामंत, दीपक सिंह और होमगार्ड कपिल बुधोड़ी की अहम भूमिका रही।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply