पोकलैन्ड बकेट से युवक की हत्या करने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

पौड़ी जनपद के सतपुली क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुई युवक की निर्मम हत्या का पौड़ी पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। जेसीबी ऑपरेटर द्वारा पोकलैन्ड मशीन के बकेट से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में आरोपी को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

क्या है पूरा मामला?

दिनांक 07 जून 2025 की रात करीब 11:30 बजे, सुमन देवरानी नामक युवक अपने साथी के साथ गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहा था। मल्ली सतपुली के पास सड़क कटिंग का कार्य चल रहा था, और रास्ता खुलवाने को लेकर सुमन की पोकलैन्ड ऑपरेटर से कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि ऑपरेटर प्रवीण सिंह निवासी जोशीमठ, चमोली ने पोकलैन्ड मशीन के बकेट से हमला कर सुमन की जान ले ली और मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस ने ऐसे पकड़ा हत्यारोपी को

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने तत्काल प्रभाव से मामले का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

 

अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह

 

पुलिस उपाधीक्षक सदर त्रिवेन्द्र सिंह राणा

 

थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला

 

के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सर्विलांस और मैन्युअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

 

फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच भी की गई। इन प्रयासों के चलते प्रवीण सिंह बर्थवाल को 09 जून 2025 की रात हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया गया।

 

अब आगे क्या?

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा चुका है और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!