पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित, अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई

देहरादून।

भारतीय जनता पार्टी ने अपने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय पार्टी की अनुशासन समिति की सिफारिश के बाद लिया गया, जिसमें राठौड़ के आचरण को पार्टी के सिद्धांतों और अनुशासन के खिलाफ पाया गया।

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “पार्टी में उन लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है जो संगठन की मर्यादाओं का उल्लंघन करते हैं। भाजपा एक अनुशासित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता से अपेक्षा की जाती है कि वह पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों का पालन करे।”

विवादों में घिरे रहे सुरेश राठौड़

पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ हाल के दिनों में अपनी कथित दूसरी शादी को लेकर सुर्खियों में बने हुए थे। आरोप थे कि उन्होंने दूसरी शादी की जानकारी पार्टी या जनता को नहीं दी, जिससे भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, उन पर सार्वजनिक मंचों से आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगा।

 

पार्टी ने इन गंभीर आरोपों को देखते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जांच के बाद अनुशासन समिति ने राठौड़ को पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी पाया और उनकी पार्टी प्राथमिक सदस्यता छह साल के लिए समाप्त कर दी गई।

 

इस निष्कासन के साथ अब सुरेश राठौड़ का भाजपा से किसी भी प्रकार का राजनीतिक या सांगठनिक संबंध नहीं रहेगा।

 

पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!

📞 +917409347010

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!