सल्ट, अल्मोड़ा:
सल्ट विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। पूर्व विधायक प्रत्याशी, सामाजिक कार्यकर्ता और जनआंदोलनों की प्रभावशाली आवाज सुरेन्द्र सिंह कंडारी का आज निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में उपचाराधीन थे।
कंडारी दाज्यू, जैसा कि उन्हें क्षेत्रीय प्रेम से पुकारा जाता था, ने “साथ आओ, पहाड़ बचाओ” जैसे नारों से स्थानीय मुद्दों को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का प्रयास किया। वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनता के बीच से उठे एक सच्चे जनसेवक थे।
उनकी अंतिम फेसबुक पोस्ट, 31 मई को, उनके भीतर के संघर्ष और चेतना को उजागर करती है:
“अगर जिंदा रहा तो मिलते रहेंगे,
वर्ना खाली हाथ आए थे, खाली हाथ जाएंगे…
सभी खुश रहें, स्वस्थ रहें “
यह पोस्ट अब स्मृति बन चुकी है – एक ऐसे व्यक्ति की, जिसने जीवन की अंतिम घड़ी तक अपनी सोच और जनता के लिए चिंता को शब्दों में ढाला।
जनता से जुड़ाव और संघर्ष की मिसाल
सुरेन्द्र सिंह कंडारी का राजनीतिक जीवन भले सीमित रहा हो, लेकिन जन संघर्षों में उनकी भागीदारी और युवाओं को जागरूक करने का प्रयास उल्लेखनीय रहा। उन्होंने मूल निवासी अधिकार, पलायन, और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों पर मुखरता से आवाज उठाई।
शोक की लहर
उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक नेताओं और आम जनता ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पर भी हजारों लोग उनके विचारों को याद कर रहे हैं।
पहाड़पन न्यूज़ परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि।
ईश्वर परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply