तारीख: 10 जून 2025
स्थान: ISBT फ्लाईओवर, देहरादून
रिपोर्ट: पहाड़पन ब्यूरो
देहरादून के आईएसबीटी फ्लाईओवर के नीचे फायरिंग की घटना का वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। घटना को लेकर पुलिस ने अब जांच पूरी कर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, दिनांक 10/06/2025 की रात ISBT चौकी को सूचना मिली कि फ्लाईओवर के नीचे किसी व्यक्ति ने फायरिंग की है। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां एक युवक को भीड़ से बचाते हुए हिरासत में लेना पड़ा। तलाशी में उसके पास से एक अवैध देसी तमंचा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान आयुष राठी पुत्र नरोत्तम सिंह (निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की असल वजह:
जांच में सामने आया कि फ्लाईओवर के नीचे एक लड़का और लड़की के बीच आपसी विवाद हो रहा था। वहां मौजूद ऑटो चालक और अन्य लोग लड़की की ओर से बीच-बचाव करने लगे। हंगामे की आवाज सुनकर आयुष राठी भी मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराने की कोशिश की।
हालांकि, भीड़ ने आयुष को लड़के का साथी समझ लिया और उस पर हावी हो गई। बचाव में आयुष राठी ने हवा में फायर कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल हवाई फायरिंग थी, किसी को गोली नहीं लगी।
वायरल दावों की पुष्टि नहीं:
पुलिस जांच में इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई कि युवक ने किसी लड़की के साथ छेड़छाड़ की या किसी बुजुर्ग को गोली मारी। केवल भागदौड़ के दौरान हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया।
कानूनी कार्रवाई:
आयुष राठी को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ़्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वायरल वीडियो और अपुष्ट सूचनाओं के आधार पर भ्रम न फैलाएं। सटीक जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें।
पहाड़पन | निष्पक्ष • निर्भीक • उत्तराखंडी
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply