देहरादून। जल जीवन मिशन में कथित 450 करोड़ रुपये के घोटाले और पानी की आपूर्ति में हो रही गंभीर देरी के खिलाफ मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने बताया कि 19 मई को देहरादून के मोहिनी रोड स्थित पेयजल निगम मुख्यालय पर खाली बर्तनों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा और प्रतीकात्मक तालाबंदी की जाएगी।
डिमरी ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन अब ‘नल कमीशन मिशन’ बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना के नाम पर अधिकारियों ने ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को ठेके देकर 450 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने खुलासा किया कि गढ़वाल मंडल में चलाई जा रही 800 करोड़ की 44 पेयजल योजनाओं में से हरियाणा की एक ही कंपनी को 372 करोड़ के 17 प्रोजेक्ट सौंप दिए गए हैं।
डिमरी ने कहा कि गांवों और कस्बों में पानी का संकट इतना गंभीर हो चुका है कि लोग खाली बर्तनों के साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। प्रदर्शन के दौरान खाली बर्तनों को कार्यालय के बाहर रखकर जल संकट का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते घोटाले के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply