पौड़ी गढ़वाल – प्रदेश में हालिया आपदा के चलते प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को उत्तराखंड सरकार द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम सैंजी का दौरा किया और आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम सैंजी के 15 परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) से ₹1,30,000 प्रति भवन स्वामी की दर से राहत राशि स्वीकृत की गई। यह सहायता प्रभा देवी, नीलम सिंह भण्डारी, भगत सिंह भण्डारी, पवन सिंह भण्डारी, विमला देवी, शाखा देवी, पवेली देवी, विमल सिंह, दीवान सिंह, रविन्द्र सिंह, जसवंत सिंह, गोपाल सिंह, मनोज सिंह, कृपाल सिंह एवं हेमराज सिंह को चेक के माध्यम से प्रदान की गई। इस पहल से इन परिवारों को जीवन को दोबारा पटरी पर लाने में मदद मिलेगी।
वहीं, ग्राम बुरांसी में आपदा के चलते दिवंगत हुईं आशा देवी एवं विमला देवी के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹2,00,000 प्रति मृतक की दर से आर्थिक सहायता दी गई। यह राशि अनिल सिंह, शुगम सिंह, विक्रम सिंह व दीपक सिंह को प्रदान की गई। सरकार द्वारा यह कदम आपदा के पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी को दर्शाता है।
इसके अलावा, ग्राम बुरांसी निवासी केशर सिंह पुत्र श्री अमर सिंह का आवासीय भवन पूर्णतः नष्ट हो गया था, जिसके पुनर्निर्माण हेतु ₹1,30,000 की सहायता राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत की गई और चेक के माध्यम से उन्हें यह राशि प्रदान की गई।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक नागरिक को यथासंभव मदद पहुंचाई जाएगी और पुनर्वास के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply