देहरादून।
उत्तराखंड के लोकप्रिय हास्य कलाकार घनानंद उर्फ घन्ना भाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है, जहां वह पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों की क्रिटिकल केयर यूनिट में उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य में अचानक गिरावट
“आवाज सुनो पहाड़ों की” कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक बलबीर सिंह पंवार और संयोजक नरेंद्र रौथाण ने जानकारी दी कि घन्ना भाई को पहले से पेसमेकर लगाया गया था और वह नियमित रूप से हृदय संबंधी जांच करवाते थे। कुछ दिन पहले उन्हें यूरिन में ब्लड आने की समस्या हुई, जिसके बाद वे सामान्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान उन्हें रक्त चढ़ाया गया, लेकिन उनकी तबीयत और बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर चार दिन पहले उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया।
दरबार साहिब से विशेष ध्यान
नरेंद्र रौथाण ने बताया कि दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेंद्र दास ने उनके उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।
गढ़वाली सिनेमा और राजनीति में भी योगदान
घन्ना भाई ने कई गढ़वाली फिल्मों और म्यूजिक एलबमों में काम किया है। अपने हास्य अभिनय से उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। इसके अलावा, उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया था। 2012 में भाजपा के टिकट पर पौड़ी से विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि वह चुनाव हार गए थे। 2022 में भी उन्होंने भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी।
पूरे उत्तराखंड से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
उत्तराखंड के सांस्कृतिक और राजनीतिक जगत से जुड़े लोग उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं की जा रही हैं।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
अब पहाड़पन पर आप अपने व्यवसाय का भी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।
📞 +917409347010
📞 +917088829995
Leave a Reply