उत्तरकाशी। बरसात के मौसम में पहाड़ी रास्तों की असुरक्षा एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। गंगोरी पैदल मार्ग पर ऊपर से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाल्ड गांव निवासी 42 वर्षीय रामकृष्ण राणा (पुत्र स्व. धर्म सिंह राणा) गुरुवार शाम करीब 6 बजे अपने गांव से पैदल गंगोरी की ओर जा रहे थे। इस दौरान अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर गिरा, जो सीधे उनके ऊपर आ गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग बरसात में बेहद खतरनाक हो जाता है और पहले भी यहां पत्थर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो सुरक्षा दीवार बनाई गई है और न ही वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही पटवारी, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और एसडीएम भटवाड़ी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गंगोरी पैदल मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
📞 +917409347010
Leave a Reply