देहरादून, 18 फरवरी 2025: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के अभिभाषण से प्रारंभ हुआ। अपने संबोधन में राज्यपाल ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया।
यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करेगा और समाज में समानता स्थापित करेगा।
राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन
उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेल महाकुंभ’ का आयोजन हर वर्ष किया जाता है, जिसमें दो लाख से अधिक खिलाड़ी भाग लेते हैं।
ई-विधानसभा की शुरुआत
इस बार का बजट सत्र डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। सभी विधायकों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से वे प्रश्नों, एजेंडा और दस्तावेजों की जानकारी डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे। उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां पूरी विधानसभा प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है।
बजट पेश होगा 20 फरवरी को
वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल आगामी 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगे। इस बजट का आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना है। बजट में महिला, युवा, गरीब, किसान और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विपक्ष का विरोध, सत्र की अवधि बढ़ाने की माँग
विधानसभा सत्र की शुरुआत के साथ ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस विधायकों ने सत्र की अवधि कम रखने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और वेल में उतरकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए सत्र की अवधि बढ़ाने की माँग की।
जनता से जुड़े मुद्दों पर रहेगा जोर
इस बजट सत्र में सरकार रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन जैसे अहम मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। अब सभी की नजरें 20 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं।
पहाड़पन की खबरें आपको कैसी लगती हैं? हमें व्हाट्सएप पर अवश्य साझा कीजिए!
अब पहाड़पन पर आप अपने व्यवसाय का भी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।
📞 +917409347010
📞 +917088829995
Leave a Reply